कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने के पी कॉलेज मैदान पर ‘ छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से किया संवाद, सरकार को लिया आड़े हाथ
रोज़गार के सारे दरवाजे बंद


प्रयागराज । कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को के पी कॉलेज मैदान पर आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं और रोजगार के मुद्दों पर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा । उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने रोजगार के पांच प्रमुख दरवाजे थे, लेकिन एक-एक कर सभी दरवाजे बंद होते जा रहे हैं । कहा कि इन पांच दरवाजों के बंद होने से देश के युवाओं को दर्द हो रहा है। लेकिन इसकी किसी को परवाह नहीं है, देश के उद्यमी और बड़े नेता दौलत बना रहे हैं ।
स्लाइड के जरिए उन्होंने बताया कि उद्यमियों की दौलत 30 गुना बड़ी , तो बड़े नेताओं का बैंक बैलेंस बढ़कर 10,000 करोड़ पहुंच गया ।
‘छात्रों की गूंज ‘कार्यक्रम ने युवाओं को ऐसा मंच दिया जिससे उन्होंने अपना दर्द और परेशानियों को दिल खोलकर सामने रख दिया। मंच पर आए युवा खुद को रोक न सके और व्यवस्था की खामियों को एक-एक कर गिनाना शुरू कर दिया।
कार्यक्रम के लिए राहुल गांधी का विमान 1:16 पर प्रयागराज एयरपोर्ट उतरा
1: 48 पर राहुल गांधी स्वराज भवन पहुंचे । राहुल गांधी के साथ उनकी भांजी मिराया वाड्रा ( प्रियंका गांधी की बेटी) भी साथ में थी । मिराया ने पूरे 1 घंटे आनंद भवन को अंदर और बाहर से देखा ।
दोपहर भोजन के बाद राहुल गांधी कमला नेहरू अस्पताल पहुंचे और वहां का हाल-चाल जाना । राहुल गांधी के स्वराज भवन पहुंचते ही दूर-दूर से आए युवा और शहर के तमाम लोग उनकी एक झलक पाने के लिए दोपहर की उमस भरी गर्मी में खड़े रहे ।
राहुल गांधी 7:00 बजे केपी कॉलेज मैदान में पहुंचे । मंच पर पहुंचते ही उन्होंने इलाहाबाद के अपने पारिवारिक रिश्ते के बारे में लोगों को बताया ।
जेन – जी के बीच पहुंचे राहुल अलग अंदाज में नजर आए। आमतौर पर सफेद शर्ट या टीशर्ट पहनने वाले राहुल ने गुलाबी रंग की हाफ स्लीव शर्ट पहन रखी थी । इसे वहां मौजूद सभी लोगों ने नोटिस किया। गुलाबी शर्ट की चर्चा ठीक वैसे ही हुई जैसे एक समय पद यात्रा के वक्त उनके टी शर्ट पहने को लेकर हुई थी । राहुल गांधी ने अपने शुरुआती संबोधन के बाद जब युवाओं को मंच पर बुलाया तो उनके सामने यूपीएसआई ,भरती में पेपर लीक से लेकर शिक्षक भर्ती , पटना में छात्र आंदोलन और इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फीस वृद्धि, पुस्तकालय पानी छात्र संघ के लिए आंदोलन कर रहे छात्रों पर कार्रवाई तक के मुद्दे युवाओं ने रखें । कार्यक्रम में छात्रों ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा और रोजगार व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग उठाई। मंच पर खड़े छात्र कुणाल ने कहा विरोध करने पर होता है मुकदमा। कुणाल ने आगे कहा हम लोग पिछले एक महीने से धरने पर विश्वविद्यालय में बैठे हैं । इसमें सैनिटेशन, वॉशरूम पानी और छात्र संघ जैसे मांगे शामिल हैं। विश्वविद्यालय की में फीस में 400 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है । इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि छात्र प्रतीक यादव ने कहा कि हमारे यहां समस्याओं का अंबार लगा है। लाइब्रेरी में पानी की बाढ़ आ जाती है । इसके बाद उसे बंद कर दिया जाता है। पूछने पर कहा जाता है उसमें करंट दौड़ता है।
पटना विश्वविद्यालय की शफ़त फैज ने बताया की विश्वविद्यालय की वह पहली महिला वाइस प्रेसिडेंट है । आंदोलन करने पर हमें ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया । पटना विश्वविद्यालय के हिमांशु से राहुल गांधी ने कहा खुलकर बोलो । डरो मत । हिमांशु ने कहा कि या तो चाय की दुकान खोले या फिर आत्महत्या कर ले । इस पर राहुल ने समझते हुए कहा कि आत्महत्या उनका विकल्प नहीं हो सकता ।
मंच पर कई अन्य छात्रों ने अपनी अपनी बातें रखी । राहुल गांधी को अपनी-अपनी समस्याएं सुनाई । राहुल गांधी ने युवाओं से नफरत और हिंसा से दूर रहने की अपील की । उन्होंने कहा कि बदलाव के लिए नफरत का रास्ता नहीं अपनाना है। प्यार और मोहब्बत के साथ अपनी लड़ाई लड़नी है। उन्होंने युवाओं से ‘मोहब्बत की दुकान खोलने ‘ का आवाहन किया । राहुल ने कहा आईटी , बैंक ऑफिस और सॉफ्टवेयर जैसे क्षेत्रों में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस्तेमाल से रोजगार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन दरवाजों के बंद होने से युवाओं में दर्द और निराशा बढ़ती जा रही है।
अपने भाषण के अंत में उन्होंने कहा सिस्टम को खत्म, टाटा बाय बाय करना है। आप प्रोटेस्ट कर रहे हैं, अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं, इसे आप करिए । मैं आपके साथ उसमें खड़ा हूं, खड़ा रहूंगा । विहिप,बजरंग दल के सदस्यों में राहुल गांधी के काफिले को काला झंडा दिखाने का प्रयास किया । इस मौके पर पुलिस फोर्स ने उन्हें रोक लिया ।
कुल मिलाकर मंच पर मौका मिला तो फूट पड़ा युवाओं का गुबार।
रात 8:24 मिनट पर राहुल गांधी कार्यक्रम स्थल से एयरपोर्ट पहुंच गए ।
रिपोर्ट कमल किशोर कमल
