‘क्रीड़ा भारती’ के द्वारा आगामी 6 सितंबर 2026 को राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन ‘क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा’ का होगा आयोजन
प्रयागराज
खेलों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और देश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘क्रीड़ा भारती’ के द्वारा आगामी 6 सितंबर 2026 को राष्ट्रव्यापी ऑनलाइन ‘क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा’ का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा का मुख्य लक्ष्य युवाओं, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों को भारतीय खेल इतिहास और वैश्विक खेल जगत की उपलब्धियों से जोड़ना है।
क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित इस ऑनलाइन परीक्षा में 12 वर्ष या उससे अधिक आयु का कोई भी व्यक्ति भाग ले सकता है। प्रतिभागी मात्र ₹20 का न्यूनतम पंजीयन शुल्क देकर अपना ‘स्पोर्ट्स आईक्यू’ परख सकते हैं। ऑनलाइन परीक्षा 6 सितंबर को सुबह 5:00 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रतिभागी अपनी सुविधानुसार किसी भी समय मोबाइल, कंप्यूटर या टैबलेट के माध्यम से लॉग-इन कर सकते हैं। 20 मिनट की इस समय अवधि में कुल 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें 10-10 प्रश्नों के 5 पेजों में बांटा गया है।
प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ₹1 लाख तक के नकद पुरस्कार तय किए गए हैं। इसमें प्रथम पुरस्कार ₹1,00,000 (1 विजेता), द्वितीय पुरस्कार ₹50,000 (2 विजेता), तृतीय पुरस्कार ₹25,000 (6 विजेता) तथा चतुर्थ पुरस्कार ₹11,000 प्रति विजेता (11 विजेता) प्रदान किया जाएगा।
परीक्षा के पाठ्यक्रम में मुख्य रूप से ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल, क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, प्रसिद्ध खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स, खेल नियम और खेल जगत की समसामयिक घटनाएं शामिल होंगी। इसके साथ ही भारतीय पारंपरिक एवं स्वदेशी खेलों पर विशेष रूप से प्रश्न केंद्रित रहेंगे। काशी प्रान्त की ओर से क्षेत्र के सभी विद्यार्थियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आधिकारिक पोर्टल kreedabharati.org पर जाकर अपना पंजीकरण कराएं और इस खेल महाकुंभ का हिस्सा बनें।
