Wednesday, August 12Ujala LIve News
Shadow

राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय में हर घर तिरंगा और नशा मुक्ति रैली का भव्य आयोजन


प्रयागराज,
देश की 79वीं स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज में राष्ट्रीय भावना और सामाजिक जागरूकता का अद्भुत संगम देखने को मिला। उच्च शिक्षा अनुभाग-3, उत्तर प्रदेश शासन के पत्र के अनुपालन में विश्वविद्यालय की समाज विज्ञान विद्याशाखा के तत्वावधान में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के अंतर्गत तिरंगा यात्रा एवं नशा मुक्ति जागरूकता रैली का सफल आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के सरस्वती परिसर से हुई। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों का जुलूस पूरे जोश के साथ मिलन चौक से होता हुआ गंगा परिसर में सम्पन्न हुआ। वातावरण देशभक्ति के नारों और वंदे मातरम् के गीतों से गूंज उठा। इस गरिमामय कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य सत्यकाम ने की। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज विज्ञान विद्याशाखा के निदेशक प्रो. एस कुमार, मानविकी विद्याशाखा के निदेशक प्रो. सत्यपाल तिवारी, शिक्षा विद्याशाखा के निदेशक प्रो. पी. के. स्टालिन, स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की प्रभारी प्रो. मीरा पाल और ऑनलाइन एजुकेशन के निदेशक प्रो. ए. के. मलिक ने भी सहभागिता की। इसके अतिरिक्त डॉ. सुनील कुमार, प्रो. आनंदानंद त्रिपाठी, प्रो. संजय कुमार सिंह, डॉ. त्रिविक्रम तिवारी, डॉ. दीपिशिखा श्रीवास्तव, डॉ. सुभाष चन्द्र पाल, श्री राजेश सिंह, डॉ. सोहिनी देवी, कामना यादव, डॉ. राजन प्रकाश, डॉ. आकांक्षा गुप्ता, श्री कुमार अनूप सहित सभी विद्याशाखाओं के शिक्षकगण, शोध छात्र-छात्राएं एवं विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने बड़े उत्साह के साथ इस यात्रा में भाग लिया।रैली का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य युवाओं और समाज में नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाना था। इसी क्रम में नशा मुक्ति जागरूकता रैली भी निकाली गई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर प्रभावशाली नारे लगाए। प्रमुख नारे थे – जन-जन का है यही पुकार, नशा मुक्त हो हर परिवार और जन-जन का है यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना देश। इन नारों ने आम नागरिकों को भी आकर्षित किया और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को तोड़ता है। इसलिए विश्वविद्यालय ने शासन के अभियान को गंभीरता से लेते हुए इसे जन-आंदोलन का रूप देने का प्रयास किया है। आयोजन सचिव डॉ. योगेश कुमार यादव ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्रों में राष्ट्रीय एकता, अनुशासन और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित होती है।
कुलपति आचार्य सत्यकाम ने अपने संबोधन में कहा कि हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि देशभक्ति को जीवन में उतारने का संकल्प है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहकर देश के निर्माण में अपना योगदान दें। कुलसचिव कर्नल विनय कुमार ने भी अनुशासन और राष्ट्रसेवा पर बल दिया। सम्पूर्ण कार्यक्रम अनुशासित, उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक रहा। विश्वविद्यालय परिवार ने यह संकल्प लिया कि वे न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में, बल्कि सामाजिक जागरूकता के कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाते रहेंगे।

डॉ प्रभात चन्द्र मिश्र
जनसंपर्क अधिकारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *