रेल सेवा के कर्मवीरों का भव्य सम्मान, विनीता हॉस्पिटल में रिटायर्ड रेलकर्मियों का सम्मान समारोह
डॉ. विनीता विश्वकर्मा व डॉ. बिंदु विश्वकर्मा ने पेंशनर्स को अंगवस्त्र, माला व भगवान की प्रतिमा देकर किया सम्मानित

प्रयागराज। फाफामऊ स्थित विनीता हॉस्पिटल में बुधवार को ऑल इंडिया रिटायर्ड रेलवेमेंस फेडरेशन–पेंशनर्स सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। देश की रेल सेवा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त रेलकर्मियों के सम्मान में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में पेंशनर्स, उनके परिजन एवं अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ विनीता हॉस्पिटल की डायरेक्टर डॉ. विनीता विश्वकर्मा एवं डॉ. बिंदु विश्वकर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद दोनों चिकित्सकों ने रिटायर्ड रेलकर्मियों को भगवान की प्रतिमा, अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। सम्मान के दौरान विनीता हॉस्पिटल की ओर से पंपलेट भी प्रदान किए गए। सम्मान पाकर पेंशनर्स के चेहरे पर खुशी और गर्व साफ दिखाई दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. विनीता विश्वकर्मा एवं डॉ. बिंदु विश्वकर्मा ने कहा कि रेलवे देश की जीवनरेखा है और इसे मजबूत बनाने में रेलकर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने जीवन के बहुमूल्य वर्ष देश की सेवा में समर्पित किए हैं। ऐसे कर्मठ और समर्पित लोगों का सम्मान करना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी रेलकर्मियों का अनुभव, अनुशासन और सेवाभाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। भारतीय रेलवे के विकास और विस्तार में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी हुई चर्चा
समारोह में वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। बढ़ती उम्र में होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और समय पर उपचार कराने के लिए जागरूक किया गया। विनीता हॉस्पिटल की ओर से रिटायर्ड रेलकर्मियों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी विशेष पहल की जानकारी भी दी गई।
समारोह के दौरान पेंशनर्स ने अपने अनुभव साझा किए और सम्मान के लिए विनीता हॉस्पिटल प्रबंधन का आभार जताया। कार्यक्रम के समापन के बाद सभी रिटायर्ड रेलकर्मियों एवं अतिथियों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई, जहां सभी ने साथ बैठकर भोजन किया।
विनीता हॉस्पिटल की ओर से आयोजित इस समारोह का उद्देश्य देश की रेल सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान को सम्मान देना तथा वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करना रहा। समारोह को लेकर रिटायर्ड रेलकर्मियों में उत्साह देखने को मिला और सभी ने आयोजन की सराहना की।
