ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत RPF प्रयागराज ने तीन नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया
प्रयागराज। दिनांक 18.08.2026 को पश्चिम बंगाल पुलिस से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 12303 पूर्वा एक्सप्रेस में तीन नाबालिग बच्चियां, जो अपने घर से चली गई हैं, यात्रा कर रही हैं। सूचना के आधार पर RPF प्रयागराज द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर उक्त ट्रेन को अटेंड किया गया।
निरीक्षक अमित कुमार मीणा के नेतृत्व में उप निरीक्षक कार्तिक मिश्रा एवं महिला कांस्टेबल प्रेम कुमारी द्वारा गाड़ी संख्या 12303 के जनरल कोच की सघन जांच की गई। जांच के दौरान तीनों नाबालिग बच्चियों को सकुशल बरामद कर सुरक्षित रूप से RPF पोस्ट प्रयागराज लाया गया।
पश्चिम बंगाल पुलिस द्वारा अवगत कराया गया कि तीनों बच्चियों के संबंध में संबंधित थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मामला पंजीकृत है। आरपीएफ द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण करते हुए तीनों बच्चियों को सुरक्षित देखरेख हेतु चाइल्डलाइन प्रयागराज के सुपुर्द कर दिया गया।
आगे की कार्रवाई के क्रम में आज दिनांक 19.08.2026 को पश्चिम बंगाल पुलिस के अधिकारी प्रयागराज पहुंचे तथा चाइल्डलाइन प्रयागराज से तीनों नाबालिग बच्चियों को प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गए।
आरपीएफ प्रयागराज की तत्परता एवं संवेदनशील कार्रवाई से तीनों नाबालिग बच्चियों को समय रहते सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। “ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते” के तहत RPF द्वारा नाबालिग बच्चों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
