Saturday, October 10Ujala LIve News
Shadow

शारदीय नवरात्र से पहले कोरांव में सफाई अभियान तेज, चेयरमैन ने किया औचक निरीक्षण

शारदीय नवरात्र से पहले कोरांव में सफाई अभियान तेज, चेयरमैन ने किया औचक निरीक्षण

रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, सफाई कर्मियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कोरांव, प्रयागराज। पावन शारदीय नवरात्र पर्व के शुभ आगमन को देखते हुए नगर पंचायत कोरांव में स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए व्यापक सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ओम प्रकाश केशरी ने रात्रिकालीन सफाई अभियान के तहत विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख चौराहों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने मौके पर मौजूद सफाई कर्मियों एवं संबंधित प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहार के दौरान नगर की स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए। प्रमुख मार्गों, चौराहों और वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि मां दुर्गा की आराधना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं तथा नगरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने स्वच्छता अभियान को गंभीरता से संचालित करने और सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया। साथ ही नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए सभी संबंधित कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने के निर्देश दिए।

चेयरमैन ओम प्रकाश केशरी ने नगरवासियों से भी अपील की कि वे शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर स्वच्छता बनाए रखने में नगर पंचायत का सहयोग करें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, ताकि सामूहिक प्रयास से कोरांव को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *