Monday, October 12Ujala LIve News
Shadow

परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में भव्य डांडिया एवं गरबा नाइट का आयोजन, अभिनेत्री-सिंगर श्वेता चौहान की प्रस्तुति पर जमकर झूमे प्रयागराजवासी

परमार्थ त्रिवेणी पुष्प में भव्य डांडिया एवं गरबा नाइट का आयोजन, अभिनेत्री-सिंगर श्वेता चौहान की प्रस्तुति पर जमकर झूमे प्रयागराजवासी

माता के भजनों से शुरू हुई संगीतमय शाम, लाइव बैंड, ढोल और डांडिया की धुन पर देर तक थिरके लोग

प्रतिष्ठित चैनल उजाला लाइव प्रोग्राम का मीडिया पार्टनर रहा

Screenshot

Screenshot


प्रयागराज। संगम नगरी प्रयागराज में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर अरैल घाट स्थित 20 एकड़ में फैले हरे-भरे परमार्थ त्रिवेणी पुष्प परिसर में भव्य डांडिया एवं गरबा नाइट का आयोजन किया गया। परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती (मुनि जी) के आशीर्वाद से आयोजित इस सांस्कृतिक उत्सव में शहरवासियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। अभिनेत्री एवं सिंगर श्वेता सिंह चौहान की शानदार प्रस्तुति कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। उन्होंने सर्वप्रथम माता रानी के भजनों से वातावरण को भक्तिमय बनाया और फिर गरबा एवं डांडिया के लोकप्रिय गीतों पर अपनी प्रस्तुति से उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम छह बजे हुआ। आयोजन की शुरुआत लगभग एक घंटे तक चले हवन एवं यज्ञ से की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और आध्यात्मिक वातावरण के बीच मां दुर्गा की आराधना के बाद उत्सव का संगीतमय दौर शुरू हुआ। इसके पश्चात लाइव बैंड, ढोल और डीजे की धुनों पर गरबा एवं डांडिया की रंगारंग प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में सराबोर कर दिया। पारंपरिक परिधानों में पहुंचे युवक-युवतियों, महिलाओं और परिवारों ने सामूहिक रूप से गरबा और डांडिया खेलकर इस शाम को यादगार बनाया।
विशाल प्राकृतिक परिसर, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट और आध्यात्मिक परिवेश ने आयोजन की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए। विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों, प्रतियोगिताओं और पुरस्कारों ने भी लोगों का उत्साह बढ़ाया। धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और आधुनिक संगीत के अनूठे संगम ने इस आयोजन को विशेष पहचान दी।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथियों में प्रयागराज के जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार वर्मा, आईपीएस अधिकारी डॉ. अजय पाल शर्मा, कौशांबी के जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल शर्मा, आईपीएस अधिकारी विजय धूल, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता, नगर निगम प्रयागराज की सहायक नगर आयुक्त सुश्री दीपशिखा पांडेय, प्रयागराज के महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक पूजा पाल, करछना के विधायक पीयूष रंजन निषाद, नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा तथा प्रयागराज की मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती हर्षिका सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के कई माननीय न्यायमूर्तियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों तथा शहर के प्रतिष्ठित नागरिकों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के आयोजक डॉ. पुष्पेंद्र जी ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य प्रयागराजवासियों को एक बड़े, सुरक्षित और पारिवारिक वातावरण में गरबा एवं डांडिया की सांस्कृतिक परंपरा से जोड़ना है। परमार्थ त्रिवेणी पुष्प का विशाल हरित परिसर धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए एक विशिष्ट स्थल है। ऐसे आयोजन भारतीय परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विभिन्न आयु वर्ग के लोगों को एक मंच पर लाने का कार्य करते हैं।
आयोजन के प्रमुख आकर्षण अभिनेत्री एवं सिंगर श्वेता चौहान ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। माता के भजनों से शुरू हुई उनकी संगीतमय प्रस्तुति ने धीरे-धीरे गरबा और डांडिया के उल्लासपूर्ण रंग ग्रहण किए। उनकी गायकी पर दर्शकों ने तालियों और नृत्य के साथ उत्साह व्यक्त किया। पूरे परिसर में उत्सव, उमंग और सांस्कृतिक एकता का माहौल देखने को मिला।
डांडिया एवं गरबा नाइट ने प्रयागराज की सांस्कृतिक जीवंतता को एक नया आयाम दिया। भक्ति, संगीत और लोकपरंपरा के संगम के रूप में आयोजित यह उत्सव शहरवासियों के लिए उल्लासपूर्ण और यादगार अनुभव बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *