Thursday, July 2Ujala LIve News
Shadow

पत्नी व ससुराल पक्ष से प्रताड़ना का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता कर पीड़ित ने सुनाई आप-बीती रिपोर्ट – कुलदीप शुक्ला

पत्नी व ससुराल पक्ष से प्रताड़ना का आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब में प्रेसवार्ता कर पीड़ित ने सुनाई आप-बीती
रिपोर्ट – कुलदीप शुक्ला

उजाला शिखर

 

प्रयागराज। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के नारद सभागार में बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता में गंगागंज निवासी ऋषभ गुप्ता ने अपनी पत्नी एवं ससुराल पक्ष पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट, सामाजिक छवि धूमिल करने और लगातार दबाव बनाने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर न्याय दिलाने की मांग की।

ऋषभ गुप्ता ने पत्रकारों को बताया कि उनका विवाह अयोध्या निवासी साक्षी गुप्ता से हुआ था। पारिवारिक विवाद के बाद उनकी पत्नी अपने मामा और भाई के साथ उनके घर पहुंची। उनका आरोप है कि इस दौरान दोनों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी जान बच सकी। उन्होंने बताया कि इस घटना के संबंध में करेली थाने में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है।

प्रेसवार्ता में ऋषभ गुप्ता ने आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। उनके अनुसार, सोशल मीडिया, फोन कॉल और परिचितों के माध्यम से उनके बारे में भ्रामक एवं अपमानजनक बातें फैलाकर उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही उनके और उनके परिवार के खिलाफ लगातार धमकियां भी दी जा रही हैं।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मीडिया में मामला आने के बाद उनकी पत्नी के पिता ने उनके पिता को फोन कर कहा कि यदि उनकी बेटी कोई गलत कदम उठाती है तो उसके लिए ऋषभ और उनका परिवार जिम्मेदार होगा। ऋषभ का कहना है कि उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की भी धमकी दी गई है, जिससे पूरा परिवार भय और मानसिक तनाव के माहौल में जीवन व्यतीत कर रहा है।

ऋषभ गुप्ता ने कहा कि वह न्यायपालिका और प्रशासन पर पूरा विश्वास रखते हैं तथा किसी के खिलाफ पूर्वाग्रह नहीं रखते। उनकी केवल यह मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच कराई जाए, ताकि सत्य सामने आ सके और उन्हें तथा उनके परिवार को न्याय मिल सके।

प्रेसवार्ता के दौरान ऋषभ गुप्ता ने संबंधित प्रकरण से जुड़े दस्तावेज भी मीडिया के समक्ष प्रस्तुत किए और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *