इनर व्हील क्लब ऑफ इलाहाबाद का रक्तदान शिविर सफल: 17 यूनिट रक्त संग्रह, चिकित्सकों का सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रयागराज
इनर व्हील क्लब ऑफ इलाहाबाद द्वारा ANHA ब्लड सेंटर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 17 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता की सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। क्लब की इस जनसेवी पहल की सभी उपस्थितजनों ने सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. एन. के. अग्रवाल, डॉ. चेतन कपूर, डॉ. तपन जालोटा, डॉ. आर. के. सिंह, डॉ. ए. के. पी. तिवारी एवं डॉ. घनश्याम को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने उपस्थित लोगों को रक्तदान के महत्व, इसके स्वास्थ्य लाभ, सुरक्षित रक्तदान की प्रक्रिया तथा इससे जुड़ी भ्रांतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नियमित एवं सुरक्षित रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने के साथ-साथ रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। चिकित्सकों ने इनर व्हील क्लब ऑफ इलाहाबाद द्वारा समाजहित में किए जा रहे सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए अधिक से अधिक लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
रक्तदान के उपरांत सभी रक्तदाताओं को पौष्टिक अल्पाहार एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए गए। वहीं सम्मानित चिकित्सकों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्मृति-चिह्न स्वरूप पक्षियों के लिए सुंदर बर्ड हाउस भेंट किए गए। इस अभिनव एवं पर्यावरण हितैषी पहल की सभी चिकित्सकों ने प्रशंसा करते हुए क्लब के सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट आई.एस.ओ. तान्या ढल्ल, कार्यक्रम संयोजिका प्रीति अग्रवाल, अध्यक्ष प्रज्ञा कपूर, सचिव निधि मित्तल, संपादक दीप्ति गुप्ता, कोषाध्यक्ष सीमा गर्ग एवं आई.एस.ओ. नेहा कक्कड़ विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इसके अतिरिक्त सीमा सिंघल, गीता चतुर्वेदी, आराधना टंडन, नीना अग्रवाल सहित क्लब की अन्य सदस्याओं ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।
मीडिया प्रभारी मनीष गर्ग ने बताया कि इनर व्हील क्लब ऑफ इलाहाबाद समाज सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में निरंतर जनहितकारी गतिविधियों का आयोजन करता रहा है। उन्होंने कहा कि क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा प्रकल्पों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
