Monday, August 10Ujala LIve News
Shadow

इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा सम्पन्न, नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार

इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा सम्पन्न, नई कार्यकारिणी ने संभाला कार्यभार
नवनियुक्त मानद सचिव डॉ. नवनीत सिंह ने रखी पुनरोत्थान और विस्तार की रूपरेखा

प्रयागराज। इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन (AMA) की वर्ष 2025-26 की वार्षिक आमसभा रविवार को होटल आनंद कॉन्टिनेंटल, सिविल लाइंस में आयोजित हुई, जिसमें नए पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी समिति की औपचारिक घोषणा के साथ एसोसिएशन के नए कार्यकाल की शुरुआत हुई।

बैठक का संचालन निवर्तमान मानद सचिव श्री रत्नेश दीक्षित ने किया। निर्धारित एजेंडे के अनुसार वार्षिक प्रतिवेदन तथा ऑडिटेड लेखों का प्रस्तुतिकरण एवं अनुमोदन किया गया और मानद लेखा परीक्षकों की नियुक्ति की गई। अध्यक्षीय संबोधन अध्यक्ष श्री ओ. पी. गोयल ने दिया, जबकि ऑडिटेड लेखे श्री पी. के. बंसल ने प्रस्तुत किए।

नवनियुक्त मानद सचिव डॉ. नवनीत सिंह ने अपने संबोधन में एसोसिएशन के समक्ष मौजूद चुनौतियों—सदस्य संख्या में कमी, सदस्यों की बढ़ती आयु, वित्तीय सीमाएँ तथा सक्रिय भागीदारी की कमी—को प्राथमिकता से हल करने पर बल दिया। उन्होंने AMA को एक गतिशील, समावेशी और आधुनिक प्रबंधन मंच के रूप में विकसित करने की योजना रखी, जिसमें प्रोफेशनल्स, शिक्षाविदों, विद्यार्थियों और महिला सदस्यों की व्यापक भागीदारी हो तथा संस्थागत सहयोग के माध्यम से सदस्यों और समाज के लिए उपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। उपस्थित सदस्यों ने उनकी कार्ययोजना का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

समारोह का विशेष आकर्षण यूनाइटेड यूनिवर्सिटी, प्रयागराज के कुलपति प्रो. ए. एम. अग्रवाल का सम्मान रहा। उन्होंने AMA की गतिविधियों को समर्थन देते हुए एसोसिएशन के कार्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालय की सुविधाएं एवं आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, जिससे दोनों संस्थाओं के बीच सहयोग की नई संभावनाएं बनी हैं। विज्ञान संकाय के डीन श्री एस. ए. रिजवी ने अकादमिक एवं व्यावसायिक संवाद के लिए AMA के प्रयासों की सराहना की।

पूर्व अध्यक्ष श्री रवि प्रकाश, उपाध्यक्ष श्री संजय पाठक एवं श्री डी. यू. गुप्ता ने भी विचार रखे। श्री पवन जायसवाल ने भावी कार्यक्रमों को लेकर सुझाव देते हुए महिला सदस्यों की अधिक सक्रिय भागीदारी और उनके नेतृत्व में कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया। इस अवसर पर नए सदस्यों का स्वागत भी किया गया।

कार्यक्रम में श्री संजय पाठक एवं श्री विभव बाजपेयी द्वारा प्रस्तुत गीतों ने वातावरण को जीवंत बनाया। महारानी चाय के श्री पी. के. बंसल के सौजन्य से सभी सदस्यों एवं अतिथियों को गिफ्ट हैम्पर भेंट किए गए। अंत में श्री विभव बाजपेयी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। आयोजन का समापन हाई टी के साथ हुआ, जिसमें सदस्यों को आपसी संवाद और नेटवर्किंग का अवसर मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *